मंगलवार 19 सितम्बर से 10 दिवसीय गणेशोत्सव शुरू हो रहा है, देशभर में गणेश चतुर्थी की धूम है। जगह-जगह मूर्तियां स्थापित की जा रही हैं। 

गणेश चतुर्थी के अवसर पर आज मुख्यमंत्री आवास में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर परिवार के साथ गणपति बप्पा की मूर्ति की स्थापना की। इसके लिए सीएम ने परिवार के साथ भोपाल के प्लेटिनम प्लाजा स्थित मार्केट से विघ्नहर्ता गणपति जी की प्रतिमा लाकर निवास में प्रतिष्ठापित की।

गणपति जी की प्रतिमा को सीएम एक खुली जीप में लेकर सीएम हाउस पहुंचे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह और पुत्र कार्तिकेय भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री निवास में विधि विधान पूर्वक गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई।

इस दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि वह सभी प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हैं। विघ्न विनाशक सबके जीवन से सभी विघ्नों को दूर करें और सुख-शांति की वर्षा करें।

सभी सुखी और स्वस्थ रहें, सभी की समृद्धि और खुशहाली हो, हमारा प्रदेश और देश प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़े, मैं भगवान श्री गणेश के चरणों में यही प्रार्थना करता हूं।

सीएम हाउस में भगवान गणपति स्थापना के मौके पर  सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी साधना सिंह और बेटों के साथ भक्ति भाव से गजानन की स्थापना और आराधना की।