सतना जिले में मां शारदा की नगरी मैहर को भी जिला बनाया जायेगा। इसके लिये राजस्व विभाग ने मैहर को जिला बनाने की प्रारंभिक अधिसूचना भी जारी कर दी। आगामी 5 अक्टूबर के बाद मैहर जिला मूर्त रुप ले लेगा।

ये शामिल रहेंगे मैहर जिले में :

राजस्व विभाग द्वारा जारी प्रारंभिक अधिसूचना के अनुसार, मैहर जिले में वर्तमान तहसील मैहर के सभी 122 पटवारी हल्के एवं तहसील अमरपाटन के सभी 53 पटवारी हल्के एवं तहसील रामनगर के 59 पटवारी हल्के, इस प्रकार कुल 234 पटवारी हल्के शामिल रहेंगे। जिला मुख्यालय मैहर नगर ही रहेगा। 

मैहर जिले के पूर्व में जिला सीधी एवं जिला रीवा, पश्चिम में जिला पन्ना, उत्तर में जिला सतना तथा दक्षिण में जिला कटनी एवं जिला उमरिया व जिला शहडोल पड़ेगा। 

मैहर का जिला बनने पर शेष सतना जिले में तसील रघुराजनगर के समस्त 71 पटवारी हल्के, तहसील कोठी के सभी 33 पटवारी हल्के, तहसील मझगवां के सभी 55 पटवारी हल्के, तहसील नागौद के सभी 94 पटवारी हल्के, तहसील उचेहरा के सभी 71 पटवारी हल्के, तहसील रामपुर बघेलान के सभी 97 पटवारी हल्के, तहसील बिरसिंहपुर के सभी 48 पटवारी हल्के एवं तहसील कोटर के सभी 27 पटवारी हल्के , इस प्रकार कुल 496 पटवारी हल्के शामिल रहेंगे। 

शेष सतना जिले के पूर्व में जिला रीवा, पश्चिम में जिला पन्ना, उत्तर में उप्र का कर्वी एवं बांदा जिला तथा दक्षिण में प्रस्तावित मैहर जिला पड़ेगा।