मैहर को ज़िला बनाने की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। अब ये मांग राज्य शासन की ओर से मान ली गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेहर को जिला बनाने की घोषणा कर दी है। सीएम शिवराज ने इस बात के निर्देश दिए हैं कि मैहर को जिला बनाने के संबंध में प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू की जाए।
चित्रकूट से तीन सितंबर को शुरू हुई जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को मैहर पहुंची। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यात्रा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मैहर को जिला बनाने की घोषणा की।
आपको बता दें कि मैहर को जिला बनाने की मांग काफी समय से उठ रही थी। विधानसभा चुनाव से एन पहले यह अहम फैसला लिया गया है। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले सीएम शिवराज ने छिंदवाड़ा से अलग होकर पांढुर्ना को नया जिला बनाने की घोषणा की थी और उसके 24 घंटे बाद ही पांढुर्ना जिले के गठन की अधिसूचना जारी कर दी गई। अब मैहर को जिला बनाने का निर्देश दिया गया है। आपको बता दें कि इससे पहले मऊगंज को मध्य प्रदेश का 53वां जिला बनाया गया था।