नरेंद्र मोदी स्टेडियम को उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खबरों के मुताबिक, स्टेडियम को उड़ाने की धमकी देने वाला ई मेल बीते दिनों मिला था। अहमदाबाद पुलिस ने बताया कि आरोपी को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार किया गया, जिसकी कोई आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं है।
क्रिकेट विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 अक्टूबर को मुकाबला अहमदाबाद स्थित मोदी स्टेडियम में होना है। बताया जाता है कि राजकोट से गिरफ्तार आरोपी ने एक ईमेल भेजकर दावा किया था कि स्टेडियम में विस्फोट होगा। गिरफ्तार आरोपी मूलरूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल राजकोट के बाहरी इलाके में रहता था।