इंदौर में मेट्रो का सपना साकार होने की दिशा में आज एक और उपलब्धि मिली। मेट्रो के कोच  इंदौर की जमीन पर उतरे। बुधवार देर रात मेट्रो के कोच गांधीनगर स्थित मेट्रो डिपो पर पहुंचा। गुरुवार सुबह नौ बजे कोच कंटेनर से उतारकर प्लेटफार्म ट्रैक पर रखा गया। मेट्रो का ट्रायल रन भोपाल के साथ इंदौर में सितंबर माह में प्रस्तावित है।

वडोदरा के सावली से 23 अगस्त को इंदौर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 156 से होकर आ रहे कोच बुधवार शाम 4 बजे तक बेटमा पहुंचे थे। उसके बाद बुधवार देर रात मेट्रो के तीनों कोच इंदौर में गांधी नगर डिपो में कंटेनर पर पहुंचे। कंटेनर से सड़क मार्ग से इंदौर पहुंचे तीनों मेट्रो कोच 60-60 टन वजन के है।

गुरुवार सुबह मेट्रो के कोच को कंटेनर से उतारे जाने के पश्चात शहर में चलने वाली मेट्रो का असली स्वरूप स्वरूप पहली बार शहरवासी देख सकेंगे। मेट्रो कोच के अनलोडिंग मौके को खास बनाने के लिए मेट्रो प्रबंधन द्वारा विशेष तैयारी की गई थी।

इस मौके पर सासंद शंकर लालवानी ने नारियल फोड़कर मेट्रो को अनलोडिंग का काम शुरू किया गया। मेट्रो प्रबंधन के अधिकारियों के मुताबिक, मेट्रो डिपो में विशालकाय फोर पाइंट जेक क्रेन की मदद से कोच को कंटेनर से उतारकर पटरी पर पहुंचाया गया।