भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड 50 हजार करोड़ की लागत से बीना रिफाइनरी में पेट्रोकेमिकल हब बनाने जा रही है। इसके भूमिपूजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 सितंबर गुरुवार को एक बार फिर से मध्यप्रदेश के दौरे पर आने वाले हैं। पीएम मोदी के बीना आगमन को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।

इसको लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज- सिंह चौहान ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। सीएम शिवराज ने इसे लेकर एक ट्वीट भी किया है। उनका कहना है कि- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 सितंबर को बीना आगमन से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बीना में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रधानमंत्री जी कल बीना रिफाइनरी परिसर में ₹50 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले विशाल पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स का भूमिपूजन करने के साथ ही प्रदेश को विकास की विभिन्न सौगातें देंगे।

आपको बता दें, कि 50 हजार करोड़ के निवेश से बनने वाले पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स से 15 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 2 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। प्रधानमंत्री बीपीसीएल फैक्ट्री में प्रदर्शनी का दौरा करेंगे, जिसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, पेट्रोकेमिकल्स हब में इथेनॉल प्रसंस्करण इकाई, कम और उच्च घनत्व पॉलीथीन, पॉलीप्रोपाइलीन, बिटुमेन, बेंजीन, टोल्यूनि आदि के उत्पादन की इकाइयां चालू की जाएंगी। यहां परियोजनाओं से कम दरों पर कच्चे माल की उपलब्धता के कारण डाउनस्ट्रीम एमएसएमई इकाइयों में फिल्म फाइबर, इंजेक्शन मोल्डिंग, ब्लो मोल्डिंग, पाइप, ट्यूब जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश आएगा।

प्रधानमंत्री की सभा के लिए आयोजन स्थल पर पांच पंडाल तैयार किये जा रहे हैं। इसकी चौड़ाई 150 मीटर और लंबाई 350 मीटर है। सभा स्थल पर पानी घुसने से रोकने के लिए वाटर प्रूफ पंडाल लगाए जा रहे हैं। सभा स्थल को पूरी तरह से वाटर प्रूफ बनाया गया है। इसके अलावा विशेष पंडाल लगाया जा रहा है। जिसमें बारिश के दौरान भी कार्यक्रम का आयोजन किया जा सकेगा। इसके अलावा चार हेलीपैड भी तैयार किये जा रहे हैं।