मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि फिर सरकार बनने पर हर परिवार में एक व्यक्ति को रोजगार दिया जाएगा जिससे किसी को पलायन न करना पड़े।
सीएम शिवराज आज आलीराजपुर में ₹905 करोड़ लागत की 'अलीराजपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण के दौरान जनसभा को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हमने अलीराजपुर को जिला बनाया, बिजली की व्यवस्था की, सीएम राइज स्कूल और कॉलेज खोले। अब अगली बार यहां कृषि महाविद्यालय खोलेंगे। अलीराजपुर में हम बायपास के साथ ही बिजली का सब-स्टेशन भी बनवाएंगे।
उन्होंने कहा कि मेरे भाइयों और बहनों, आपकी जिंदगी को बदलना ही मेरी जिंदगी का लक्ष्य है। मेरे भांजों-भांजियों की भी अच्छी पढ़ाई हो, इसके लिए सीएम राइज स्कूल खोले जा रहे हैं।
कांग्रेस पर हमला करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेसी चुनाव के समय सिर्फ लोभ-लालच देंगे लेकिन मैं और भाजपा आपकी जिंदगी को बदलने आए हैं। आप सब यह संकल्प लें कि जो आपके लिए काम कर रहा है, आप उसी को लेकर आएंगे।