अक्षय कुमार की OMG 2 शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। वहीं दतिया में OMG-2 फिल्म को लेकर पंडित प्रदीप मिश्रा ने भी फ़िल्म को लेकर प्रतिक्रिया दी है। पंडित प्रदीप मिश्रा का कहना है कि फ़िल्म में  भगवान शंकर के स्वरूप में दुकान से कचौड़ी मांगते हुए दिखाया गया है। कभी तुम्हारे बाप को कचौड़ी मांगते हुए दुकान पर दिखाते तो मुझे भी प्रसन्नता होती। देवाधिदेव महादेव को इस तरह से भीख मांगते हुए देखकर पंडित मिश्रा ने आपत्ति जताई है।

प्रदीप मिश्रा ने कहा कि अगर कोई भगवान राम, हनुमान, शिव-शंकर और कृष्ण का रुप रखकर व्यास पीठ के सामने नाचता है, तो हम उसे भी कैमरे पर दिखाने से रोक दिया करते हैं। ये सब हमको पसंद नहीं। कारण हमारे देवता इस धरती पर आपका मनोरंजन करने के लिए पैदा नहीं हुए हैं। तुम्हारे अहंकार का भंजन करने के लिए आए हैं। ये सब सनातन संस्कृति के खिलाफ है।

आपको बता दें कि भारतीय राष्ट्रीय हिंदू परिषद ने शुक्रवार को अक्षय कुमार पर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उनका पुतला जलाया। संगठन ने कहा कि वे फिल्म को लेकर सिनेमाघरों के सामने विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। संगठन के अध्यक्ष गोविंद पाराशर ने कहा कि फिल्म के कुछ दृश्यों में भगवान शिव का अपमान किया गया है। फिल्म में अक्षय कुमार भोलेनाथ के दूत बनते हैं, जूता लेकर खड़े होते हैं, कचैड़ी खरीदते हैं। झील के गंदे पानी में स्नान करने से भगवान की मूर्ति खराब हो जाती है।

आपको बता दें कि फिल्म की रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड ने फिल्म का रिव्यू करते हुए कई सीन हटाने को कहा था. इसके बाद फिल्म निर्माताओं ने फिल्म से कई विवादित सीन हटा दिए थे। लेकिन अभी भी कई संगठन फिल्म को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।