प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने मुख्य  निर्वाचन आयुक्त  राजीव कुमार के साथ आयोग की फुल बेंच सोमवार को भोपाल पहुंची। राजा भोज एयरपोर्ट पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बेंच की अगवानी की।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार समेत फुल बेंच  तीन दिन यानी 6 सितंबर तक भोपाल में चुनावी तैयारी का जायजा लेंगे। वे सोमवार को प्रदेश के राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चुनाव तैयारी पर चर्चा करेंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन इसके बाद चुनावी व्यवस्था को लेकर चुनाव आयोग की फुल बेंच के समक्ष प्रेजेंटेशन देंगे। मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर और एसपी के साथ जिलों में चुनाव व्यवस्थाओं की जानकारी ली जाएगी।

6 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय और निर्वाचन आयुक्त अरूण गोयल, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिवों के साथ बैठक करेंगे।