कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर मध्यप्रदेश आ रहे हैं। वे मंगलवार को शहडोल के ब्यौहारी में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। इस जनसभा के माध्यम से राहुल गांधी विन्ध्य की 30 सीटों पर कांग्रेस की संभावनाओं को विस्तार देंगे।
चुनाव से पहले राहुल गांधी का यह दूसरा एमपी दौरा है। इससे पहले राहुल गांधी ने शाजापुर जिले के कालापीपल में जनसभा को संबोधित किया था। विंध्य क्षेत्र में 2018 में कांग्रेस अपेक्षाकृत प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। विंध्य की 30 विधानसभा सीट में पिछली बार कांग्रेस को सिर्फ 6 सीट पर जीत मिली थी ऐसे में राहुल गांधी का यह दौरा विंध्य के पार्टी के प्रदर्शन के हिसाब से बेहद अहम माना जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक़ राहुल गांधी की सभा में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है। कार्यक्रम के लिए 1 लाख स्क्वायर फीट में डोम पंडाल लगाया गया है। वहीं जिस मंच से राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे वह 40 बाई 80 का मंच होगा।
राहुल गांधी विशेष विमान से सुबह 11.50 बजे सतना पहुंचेंगे। सतना से राहुल गांधी प्रदेश और कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एक ही हेलीकॉप्टर 12 बजे शहडोल के लिए रवाना होंगे। वे दोपहर 12.25 बजे शहडोल जिले के ब्यौहारी पहुंचेंगे। जहां राहुल गांधी दोपहर 12.30 बजे कांग्रेस द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।