मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस जन आक्रोश रैली निकाल रही है। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी मालवा क्षेत्र में जन आक्रोश रैली की कमान संभाल रहे हैं। जन आक्रोश रैली में कई जगहों पर कांग्रेस के गुटों के बीच विवाद की स्थिति बनती दिख रही है। 

ऐसा ही एक मामला उज्जैन जिले के बड़नगर में देखने को मिला। हुआ यूं, कि पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक के समर्थक आमने-सामने आ गए। दरअसल यहां कांग्रेस की जनआक्रोश रैली मंदसौर, नीमच से रतलाम होते हुए उज्जैन जिले में प्रवेश कर गई। जन आक्रोश रैली के तहत यहां बड़नगर में भी एक आमसभा का आयोजन किया गया था।

इस दौरान पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के खिलाफ वर्तमान विधायक मुरली मोरवाल और पूर्व विधायक ने शक्ति प्रदर्शन किया। जब मंच पर जीतू पटवारी का स्वागत किया जा रहा था। इस बीच रैली मार्ग पर पटवारी के समझ ही कांग्रेस के दोनों गुट आमने-सामने आ गए। इससे पहले दोनों गुटों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद जीतू पटवारी के हस्तक्षेप के बाद वे शांत हुए, लेकिन फिर कुछ देर के बाद ही दोनों पक्ष फिर से आपस में भिड़ गए। यहां तक कि दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए जीतू पटवारी को मंच से उतरकर आना पड़ा। इसके बाद पटवारी ने नेताओं को फटकार भी लगाई।