भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को आकासा एयरलाइन्स से ट्रेवल करने के दौरान नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने दिल्ली में आकासा एयरलाइंस के ड्यूटी मैनेजर और उसके साथियों पर उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी शिकायत केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की है।
सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने देर रात अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा कि जब उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी मुंबई से दिल्ली आकासा एयर की उड़ान संख्या QP1120 से दिल्ली पहुंचे तो ड्यूटी मैनेजर इमरान और उनके साथियों ने साजिश रचकर मुझे बहुत बड़ा नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। मुझे आशा है आप अवश्य कार्यवाही करेंगे। जय श्री राम।
वहीं, अकासा एयरलाइंस ने सांसद की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने अपनी ओर से कहा कि हम आपके अनुभव को लेकर काफी चिंतित हैं। आपकी प्रतिक्रिया समीक्षा के लिए टीम के साथ साझा की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, साध्वी प्रज्ञा ने अपने पोस्ट में यह नहीं बताया कि फ्लाइट में उनके साथ कैसा व्यवहार किया गया। कई लोग उनकी पोस्ट पर पूरी घटना को शेयर करने की भी मांग कर रहे हैं।