लोकसभा चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया फुल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। सिंधिया खासतौर पर ग्वालियर-गुना में काफी सक्रिय हैं। लोकसभा चुनाव से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। सिंधिया ने ग्वालियर कांग्रेस के कई बड़े नेताओं को एक झटके में बीजेपी में शामिल करा लिया।
ग्वालियर के जयविलास पैलेस में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस के 5 पार्षदों को बीजेपी की सदस्यता दिलाई। इससे पहले उन्होंने सांसद केपी यादव के भाई से मुलाकात की थी। गुना सांसद के भाई अजयपाल यादव को भी सिंधिया बीजेपी की सदस्यता ने दिलाई।
सिंधिया की मौजूदगी में ग्वालियर के वार्ड नंबर 2 से पार्षद आशा सुरेंद्र सिंह चौहान और 4 अन्य पार्षद भी बीजेपी में शामिल हुए. पार्षद आशा सुरेंद्रसिंह चौहान ने करीब 2 साल पहले कांग्रेस पार्टी से टिकट न मिलने पर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था और जीतने के बाद वह दोबारा कांग्रेस में शामिल हो गईं। करीब डेढ़ से दो साल के अंतराल के बाद आज उन्होंने अन्य पार्षदों के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र ग्वालियर-चंबल में लगातार सक्रिय हैं। वह लगातार कई कार्यक्रमों में जनता से संवाद कर रहे हैं और साथ ही कांग्रेस को झटका दे रहे हैं। सिंधिया अब तक कई कांग्रेस नेताओं को बीजेपी में शामिल करा चुके हैं।
वह हर आम और खास आदमी के पास जाते नजर आते हैं और खुद को आम आदमी दिखाने की पूरी कोशिश करते हैं। गुना-शिवपुरी के साथ-साथ ग्वालियर सीट पर उनकी बढ़ी सक्रियता ने कई अटकलों को जन्म दे दिया है। चर्चा है कि सिंधिया गुना या ग्वालियर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।