मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले से एक तेंदुए के बच्चे को कथित तौर पर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। तेंदुए के साथ सेल्फी ले रहे युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद वन प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिसके बाद वन विभाग हरकत में आया और शावक को बचाया गया। पता चला कि इन युवकों ने शावक को बंधक बना लिया था।
आपको बता दें, कि तेंदुए के बच्चे का वीडियो वायरल होने के बाद डायल 100 को सूचना दी गई थी। इसके आधार पर वन विभाग ने खड़खड़ी गांव के जंगल से शावक को पकड़कर छुड़ाने का दावा किया है, लेकिन कथित तौर पर बंधक बनाने के मामले की जांच चल रही है। वन विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
शावक को बंधक बनाने का मामला अलीराजपुर जिले के उंडवा गांव से आ रहा है। वीडियो में शावक की पूंछ बंधी हुई है और युवक उसे परेशान करता नजर आ रहा है। इस वीडियो को एक किशोर ने 15 अगस्त को अपने स्टेटस पर पोस्ट किया था, जिसके बाद यह वायरल हो गया।
इसी बीच किसी ने डायल 100 को सूचना दे दी, जिससे वन विभाग को तेंदुए के शावक की सूचना दी गई। वन विभाग ने खोजबीन के बाद खड़खड़ी गांव में तेंदुए के शावक के मिलने की पुष्टि की है। वन विभाग के डीएफओ मयंक गुर्जर ने कहा, ''अभी हम जांच कर रहे हैं, अगर पुष्टि हो गई कि तेंदुए के बच्चे को बंधक बनाया गया है तो हम कार्रवाई करेंगे।''