मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार 3 अक्टूबर को महिला स्व-सहायता समूह सम्मेलन का आयोजन किया गया है। भोपाल के जंबूरी मैदान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में स्व-सहायता समूहों का सम्मेलन के साथ स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।  

कार्यक्रम के दौरान सीएम शिवराज ने महिलाओं को 1400 स्कूटी और लोन भी बांटा। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भोपाल के जंबूरी मैदान में इकट्ठी हुईं। चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले सीएम शिवराज विभिन्न वर्गों को सौगातें दे रहे हैं।

इस मौके पर "नारी सशक्तिकरण, हमारा प्रण"  मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन पर लघु फिल्म का हुआ प्रदर्शन। इस अवसर पर सीएम बोले मेरी बहनों... नारी अबला नहीं, 'सबला' है। मैं यहां केवल स्कूटी बांटने नहीं, तुम्हें आत्मविश्वास से भरने आया हूं। आजीविका मिशन की बहनों ने चमत्कार कर के दिखाया है।

सीएम शिवराज ने कहा कि अभी 15 लाख लखपति दीदी हैं। मैं आज यह संकल्प ले रहा हूं कि सभी 53 लाख दीदियों को लखपति दीदी बनाना है। दीदियां शिवराज सरकार में सफलता की सीढ़ियां चढ़ रहीं  मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की यात्रा में अनेक उपलब्धियां हैं।

मैंने मुख्यमंत्री बनते ही सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई... हमने तय किया कि अगर बेटी पैदा होगी, तो लखपति पैदा होगी। हमने स्थानीय चुनाव में यह तय किया कि आधी सीटों पर बहनें चुनाव लड़ेंगी। आज बहनें अलग-अलग पदों पर बैठकर सरकार चला रही हैं।

पूरी दुनिया सुन ले, ये भाई का संकल्प है... ₹3000 महीना देकर अपनी बहनों की तकलीफें खत्म करूंगा।

सीएम ने आगे कहा, मेरी बहनों, आज 1400 स्कूटी दे रहा हूं। इसके बाद यदि आजीविका मिशन की कोई बहन स्कूटी खरीदेगी, तो बैंक से मिलने वाले पैसे की भी गारंटी मैं लूंगा और ब्याज भी भरवाऊंगा।