मध्यप्रदेश के नीमच में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा पर हुए पथराव को लेकर सात लोगों पर केस दर्ज़ किया गया है। प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटना के लिए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही घटना के लिए कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को भी जिम्मेदार ठहराया है।
मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि घटना में खेमा गुर्जर नाम का व्यक्ति समेत सात गिरफ्तारी हुई हैं। ये कांग्रेस से जुड़े हुए लोग हैं। मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यह भी कहा कि कमलनाथ पहले कह चुके थे यहां मणिपुर जैसा पथराव हो सकता है। दिग्विजय सिंह भी नूंह हिंसा की बात कह उकसाने का काम कर रहे थे।
गृह मंत्री मिश्रा ने आगे कहाकि अब कांग्रेस हताशा और निराशा की तरफ धीरे-धीरे बढ़ रही है तो स्वभाविक रूप से कांग्रेस इस तरह के हथकंडों को का सहारा लेगी। ये प्रदेश की जनता को समझना चाहिए। ये गलती कांग्रेस पहले भी कर चुकी है और फिर वही गलती कर रही है।
इससे पहले बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी इस घटना को लेकर कहा था कि जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहे अपार जन समर्थन से घबराए कांग्रेसियों ने नीमच में यात्रा पर हमला कर वाहनों में तोड़फोड़ की है। इन गुंडों को हम बिल्कुल भी नहीं छोड़ेंगे। इनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।