प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी बने रणदीप सिंह सुरजेवाला एमपी में एंट्री को तैयार हैं। वे नीमच में मंडलम सेक्टर की बैठक के साथ बतौर प्रभारी अपनी पारी का आगाज करेंगे। वे यहां पर पीसीसी चीफ कमलनाथ के साथ एक सभा को भी संबोधित करेंगे। 

सुरजेवाला और कमलनाथ दोनों ही एक सितम्बर को नीमच पहुंच रहे हैं। जहां पर दोनों ही नेता कार्यकर्ताओं के साथ ही मंडलम सेक्टर के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद सुरजेवाला पांच सितम्बर तक भोपाल में रहेंगे। 

सुरजेवाला को प्रदेश का प्रभार पिछले दिनों ही मिला है। जब उन्हें यहां का प्रभारी बनाया गया था तब उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था। इसके चलते उनका अब तक प्रदेश में दौरा नहीं हो सका है। कर्नाटक में जीत के शिल्पकार रहे सुरजेवाला पर मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस को जीत दिलाने का दारोमदार होगा। 

तय कार्यक्रम के अनुसार रणदीप सिंह सुरजेवाला 31 अगस्त को भोपाल आ जाएंगे। रात में ही वे कमलनाथ सहित अन्य नेताओं से बातचीत करेंगे।  इसके बाद अगले दिन वे कमलनाथ के साथ नीमच जाएंगे।  नीमच जिले में तीन विधानसभा सीटें हैं, तीनों पर भाजपा का ही कब्जा है।