श्योपुर कोतवाली थाना पुलिस ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के वीडियो से टेम्परिंग को लेकर तीन युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि तीनों युवकों ने हाल ही में विकास यात्रा के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा लगाए गए नारे की आवाज जिंदाबाद से मुर्दाबाद कर दी और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस संबंध में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धारा 505 के तहत मामला दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया है।  

पुलिस ने बताया कि 2 दिन पहले जब केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया विकास यात्रा रथ में सवार होकर श्योपुर से मुरैना तक विकास यात्रा ले रहे थे, तब रास्ते में उन्होंने भाषण दिए और नारे लगाए. आरोपी अशोक गौड़, सुमेर रावत और गणेश रावत ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसकी आवाज बदल दी और वीडियो वायरल कर दिया।

इसे लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. आपको बता दें कि दो दिन पहले केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह प्रधानमंत्री के खिलाफ 'मुर्दाबाद' के नारे लगाते सुने गए थे। पुलिस ने कहा है कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।