मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का शंखनाद होने के बाद से ही बीजेपी सुपर एक्टिव नज़र आ रही है। इसी के चलते प्रदेश भर में बीजेपी जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल रही है। बुधवार 6 सितम्बर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में खंडवा में केन्द्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया।
इस मौके पर केन्द्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश का लगातार विकास हो रहा है। बीमारू राज्य का नाम बदलकर देश का एक विकसित ग्रोथ इंजन, विकास का पॉवर स्टेशन। मध्यप्रदेश में विकास हुआ है तो इसका श्रेय हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी को है। अभी तक जो विकास हुआ वो तो ट्रेलर था। सही फ़िल्म शुरू होना बाकी है।
मंत्री नितिन गडकरी ने आगे कहा कि आज खंडवा में धुँआधार वर्षा होने वाली है। शिवराज जी आपको खंडवा, बुरहानपुर एवं निमाड़ की जनता के साथ ही वरुण राजा भी आशीर्वाद देने पधार रहे हैं; यह आपके पुण्य हैं। देश के इतिहास में अगर कृषि क्षेत्र में पिछले 7 साल से 7 बार प्रथम क्रमांक किसी प्रदेश को मिला है, तो वह शिवराज जी नेतृत्व में मध्यप्रदेश को मिला है। शिवराज जी ने ऊर्जा के क्षेत्र में बहुत बड़ा काम किया है। मेरा विश्वास है कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश ग्रीन हाइड्रोजन तैयार करने वाला भारत का पहला राज्य होगा।
इस मौके पर सीएम शिवराज ने अपने संबोधन में कहा, हम जो बोलते हैं, वो करके दिखाते हैं। महाकाल महाराज की कृपा से कल प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई है। मैं दादा धूनीवाले से भी यही प्रार्थना करता हूं कि प्रदेश में भरपूर बारिश हो, ताकि किसानों पर कोई संकट ना आए। अगर किसानों पर कोई संकट आता भी है, तो शिवराज सिंह चौहान हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
सीएम ने आगे कहा कांग्रेस की सरकार में न सड़कें थीं, न ही बिजली और न ही सिंचाई की सुविधाएँ। हमने पाइप लाइन बिछाकर किसानों के खेतों में पानी पहुँचाया। बुरहानपुर में जब केले की फसल पर संकट आया था, तब ₹2 लाख प्रति हेक्टेईयर की दर से किसानों को राहत राशि दी गई थी। यह भाजपा की सरकार है, जो जनता के सुख को अपना सुख और जनता के दु:ख को अपना दु:ख मानती है।