विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस सॉफ्ट हिन्दुत्व की राह पर है। सोमवार को आदिवासी स्वाभिमान यात्रा के समापन पर झाबुआ में कांग्रेस नेताओं संग हुनमानजी बने कलाकारों को खड़ा किया गया। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने 5 बार बागेश्वरधाम का नाम लिया। मीडिया से चर्चा में बागेश्वर धाम प्रमुख पं. धीरेंद्र शास्त्री की हिन्दू राष्ट्र की मांग के सवाल पर कमलनाथ ने कहा-हमारे देश में 82% हिन्दू हैं तो यह कौन सा राष्ट्र है? वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने ट्वीट किया, भाजपा के स्टार प्रचारक की आरती उतारना कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को शोभा नहीं देता।
कमलनाथ ने बताया धीरेंद्र शास्त्री से संबंध
कमलनाथ ने पहले कहानी का समापन करते हुए धीरेंद्र शास्त्री की बहुत प्रशंसा की। अपने आप को उनका हनुमान तक बताया। “महाराज जी, आप ये मत सोचिए कि आसानी से मुझसे पीछा छुड़ा लेंगे,” कमलनाथ ने कहा। बहुत से संबंध हैं, लेकिन मेरा और महाराज जी का संबंध हनुमान के जैसा है। यहां प्रत्येक व्यक्ति गवाह है। कोई भी मुझ पर उंगली नहीं उठा सकता। महाराज जी, आप बहुत जगह जाएंगे लेकिन छिंदवाड़ा जैसा स्थान नहीं मिलेगा।"
गर्व से कहता हूं, मैं हिंदू हूं- कमलनाथ
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "मैं हिंदू हूं और गर्व से कहता हूं कि मैं हिंदू हूं। मुझे खुशी हो रही है कि छिंदवाड़ा के लोगों को ये सौभाग्य (आपके आने का) मिला है, लेकिन आखिर में मैं ये भी कहना चाहता हूं कि आप हमें भूखा छो़ड़कर जा रहे हैं। हमारा मन भरा नहीं है। आप आते रहिए"
यही नहीं, कार्यक्रम के बाद कमलनाथ पंडित धीरेंद्र शास्त्री को अपने साथ लेकर विशेष विमान से भोपाल पहुचे थे। गौर करने वाली बात है कि आचार्य धीरेंद्र शास्त्री जब कथा के लिए छिंदवाड़ा पहुंचे थे तो कमलनाथ ने अपने आवास पर उनका स्वागत किया था। उनके बेटे उन्हें रिसीव करने खुद हवाई पट्टी तक गए थे।