प्रदेश में सड़क, हवाई व रेल नेटवर्क बढ़ा है। विदिशा में बाह्य व सागर जैसे बांधों का कार्य शुरू हुआ। मेडिकल कॉलेज, स्कूल, छात्रावास, हाईवे निर्माण समेत कई काम हुए हैं। हर क्षेत्र में भाजपा सरकार ने विकास किया है। ये बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कही। वे विदिशा में कार्यक्रम में थे। शिवराज ने कहा, सरकार-सरकार में फर्क होता है। 2014 में प्रदेश के लिए रेल बजट 632 करोड़ था, उसे पीएम मोदी ने 21 गुना बढ़ाकर 13,607 करोड़ किया। हमारी सरकार विकास, निर्माण और समाज कल्याण के कार्यों से समाज को विकसित बनाएगी।

उन्होंने विकसित मध्यप्रदेश के लिए लोगों से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम समाप्त होेते ही मोहनगिरी की एक महिला सीएम से व्यथा सुनाते रो पड़ी। बोली- पुलिसवाले व उसकी पत्नी ने मारपीट की। सुनवाई नहीं हो रही। सीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए।

रुकवाई कार, छाता सुधारती महिला से मिले, की मदद

माधवगंज चौराहे पर छाता सुधार रही दुर्गाबाई को देख मुख्यमंत्री ने कार रुकवाई। उन्होंने महिला से बात की। फिर शिवराज ने स्वेच्छानुदान से 50 हजार रुपए देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राशि महिला को दे दी।

राघवजी से मिले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पूर्व वित्तमंत्री राघवजी के निवास पहुंचे। उनसे मुलाकात की। दोनों के बीच 15 दिनों में यह दूसरी मुलाकात थी। बताते हैं, राघवजी बेटी व पूर्व नपाध्यक्ष ज्योति शाह के लिए टिकट मांग सकते हैं। हालांकि राघवजी ने कहा, चर्चा राजनीतिक नहीं थी। उन्होंने कुशलक्षेम पूछा।