प्रियंका गांधी 5 अक्टूबर को जिले धार में मोहनखेड़ा में रैली संबोधित करने आ रही हैं, इसी दिन पीएम मोदी भी मप्र के दौरे पर छतरपुर व जबलपुर में होंगे। माना जा रहा है कि मप्र में महिला उत्पीड़न के मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच जोरदार सियासी भिड़ंत हो सकती है। अपनी पोस्ट में आज प्रियंका गांधी ने यह भी लिखा- भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में एक छोटी बच्ची के साथ हुई बर्बरता आत्मा को झकझोर देने वाली है। वह ढाई घंटे तक दर-दर मदद के लिए भटकती रही, फिर बेहोश होकर सड़क पर गिर गई, ये है मप्र की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा ?
भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में 12 साल की बच्ची के साथ दुराचार पर भोपाल से दिल्ली तक कांग्रेस हमलावर है। पहले राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और अब प्रियंका गांधी ने मप्र सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा है ' भाजपा के 20 साल के कुशासन तंत्र में बच्चियां, महिलाएं, आदिवासी, दलित कोई सुरक्षित नहीं हैं। लाडली बहना के नाम पर चुनावी घोषणाएं करने का क्या फ़ायदा है अगर बच्चियों को सुरक्षा और मदद तक नहीं मिल सकती?'