भोपाल: राज्य सरकार तीन नवीन तहसीलों का गठन करने जा रही है। इनमें मंदसौर जिले में वर्तमान तहसील सीतामऊ को तोडक़र नवीन तहसील कयामपुर बनाई जायेगी जिसमें तहसील सीतामऊ के पटवारी हल्का नंबर 1 से 31 तक कुल 31 पटवारी हल्के शामिल होंगे। नई तहसील बनने पर तहसील सीतामऊ में पटवारी हल्का नंबर 32 से 74 यानि कुल 43 पटवारी हल्के रह जायेंगे। यह नई तहसील आगामी 21 अगस्त के बाद विधिवत रुप से गठित की जायेगी।

इसी प्रकार, बालाघाट जिले में तहसील बालाघाट को तोडक़र नवीन तहसील लामता बनाई जायेगी जिसमें, बालाघाट तहसील के पटवारी हल्का नंबर 1 से 16 तक कुल 16 पटवारी हल्के शामिल होंगे। नवीन तहसील बनने पर बालाघाट तहसील में पटवारी हल्का नंबर 17 से 56 तक कुल 40 पटवारी हल्के रह जायेंगे। इसके अलावा, खरगौन जिले में वर्तमान तहसील महेश्वर को तोडक़र नवीन तहसील करही बनाई जायेगी जिसमें महेश्वर तहसील के पटवारी हल्का नंबर 35 से 38 एवं 40, 46 से 73, इस प्रकार कुल 33 पटवारी हल्के शामिल किये जायेंगे। 

नवीन तहसील गठित होने पर महेश्वर तहसील में पटवारी हल्का नंबर 1 से 34, 39 एवं 41 से 45, इस प्रकार कुल 40 पटवारी हल्के रह जायेंगे। उक्त दोनों नवीन तहसीलें आगामी 4 सितम्बर के बाद विधिवत रुप से गठित हो जायेंगी।

उदयपुरा बनेगा नया सब डिवीजन :

रायसेन जिले में बरेली सब डिवीजन को तोडक़र उदयपुरा नाम से नवीन सब डिवीजन बनाई जायेगी जिसमें तहसील उदयपुरा एवं तहसील देवरी का समस्त क्षेत्र शामिल होगा। नया सब डिवीजन बनने के बाद सब डिवीजन बरेली में तहसील बरेली एवं तहसील बाड़ी का ही सारा क्षेत्र रहेगा। यह नया सब डिवीजन भी आगामी 4 सितम्बर के बाद मूर्त रुप लेगा।