मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को बुरहानपुर में आयोजित कार्यक्रम में ₹397 करोड़ की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर सीएम शिवराज ने लाड़ली बहना योजना अंतर्गत 1.31 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में ₹1597 करोड़ रुपए ट्रांसफर किये।
इस मौके पर बोलते हुए सीएम शिवराज ने कहा, लाड़ली बहनों, आज 10 तारीख से पहले पैसे डाल रहा हूं... चुनाव के बाद हर महीने की 10 तारीख को पैसे आते रहेंगे। लाड़ली बहना योजना ने बहनों की जिंदगी बदली है... मैंने मेरी बहनों को पैसा नहीं दिया, उनका मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि मेरी बहनों, आपको याद होगा... मैंने कहा था कि अभी ₹1000 दे रहा हूं, लेकिन इसको बढ़ाकर ₹1250 करूंगा। आज ₹1250 तुम्हारे खाते में डाल रहा हूं। धीरे-धीरे और पैसों की व्यवस्था कर के इसे ₹3000 तक लेकर जाऊंगा, ये मेरा संकल्प है। बहनों में कोई भेद नहीं, मेरे लिए सब बहनें एक समान हैं।
सीएम ने आगे कहा मध्यप्रदेश की धरती पर बेटी पैदा हो, तो लखपति पैदा हो... इसलिए मैंने 'लाड़ली लक्ष्मी योजना' बनाई। जिन लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को मैंने गोद में खिलाया, वह आज कॉलेज में पहुंच गई हैं। इसी साथ ही सीएम ने ये भी कहा, बुरहानपुर में सिंधी भाइयों की समस्या का समाधान हो गया है।