मोदी सरकार के महिला शक्ति वंदन बिल पर बीजेपी के भीतर ही कई तरह के मुद्दे सामने आ रहे हैं। अब मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने पीएम मोदी को इसे लेकर पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में पीएम मोदी से ओबीसी महिलाओं के लिए 50% आरक्षण की वकालत करते हुए महिला शक्ति वंदन विधेयक का स्वागत किया है। उमा भारती ने पत्र में बिल के मौजूदा मसौदे पर चिंता जताई है।
बीजेपी की दिग्गज नेता उमा भारती ने मंगलवार को ट्वीट किया, "महिला आरक्षण बिल आज संसद में पेश होने जा रहा है, मुझे इस पर गर्व है और मैं इसका स्वागत करती हूं। 1996 में जब देवगोड़ाजी ने इसे पेश किया था तो मैंने इस बिल का स्वागत किया था।" उन्होंने सदन के समक्ष विधेयक का संशोधन करने को लेकर खड़े होकर प्रस्तुति दी । देवगौड़ा संशोधन पर सहमत हुए और इसे स्थायी समिति के पास भेज दिया, जहां विधेयक पर विचार किया गया।''
उन्होंने आगे लिखा, ''मैं बहुत खुश हूं, लेकिन इस विधेयक का महत्व और विस्तार केवल उस संशोधन से होगा जो मैंने पेश किया है। मैंने आज एक पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री को इस संशोधन की याद दिलाई। मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मंत्री जी को मेरा पत्र मिल गया है। मुझे पीएमओ से भी जानकारी मिल गई है।''
इस बीच बीजेपी नेता उमा भारती ने भोपाल में मीडिया से बातचीत में कहा कि मुझे डर है कि ये 33% आरक्षण उस वर्ग में चला जाएगा जो सिर्फ नामांकित है। मैंने पीएम मोदी को पत्र लिखा है। कहा कि ओबीसी महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण होना चाहिए, नहीं तो इस वर्ग का भरोसा बीजेपी से उठ जाएगा।
आपको बता दें कि लोकसभा में महिला शक्ति वंदन बिल यानी महिला आरक्षण बिल पर जोरदार बहस हो रही है। साथ ही इस महिला आरक्षण बिल में ओबीसी और एससी-एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की वकालत की जा रही है।