उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मद्यप्रदेस के दौरे पर रहे। इस दौरान सीएम योगी उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। उज्जैन पहुंचकर उन्होंने गर्भगृह से बाबा महाकाल के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। योगी आदित्यनाथ ने महाकाल मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल का गाय के दूध, घी, दही, शहद, चीनी और फलों के रस से अभिषेक किया।
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों में शांति और विकास के लिए महाकाल बाबा से प्रार्थना की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद वे पहली बार उज्जैन आये। योगी आदित्यनाथ अखिल भारतीय भेस बारह पंथ नाथ संप्रदाय के अध्यक्ष भी हैं। भगवान महाकाल की पूजा करने के बाद वे संप्रदाय के प्रमुख स्थान श्री भर्तृहरि गुफा पहुंचें। जहां सीएम योगी आदित्यनाथ का 101 बटुकों ने मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़े और पुष्पवर्षा से सीएम योगी का स्वागत किया गया।
इस दौरान पीतल का त्रिशूल भी चढ़ाया गया। यहां सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोरखनाथ, राजा भर्तृहरि और गोपीचंद महाराज की तपोस्थली के दर्शन किए और गौशाला जाकर गौ माता की सेवा की।
महाकाल के दर्शन के बाद योगी आदित्यनाथ इंदौर पहुंचे। देवी अहिल्या की 228वीं पुण्य तिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजवाड़ा पहुंचे और देवी अहिल्या की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सांसद शंकर लालवानी, विधायक आकाश विजयवर्गी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी उनके साथ रहे।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की एक झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में लोग राजवाड़ा पर उमड़े। इसके बाद वह नाथ मंदिर पहुंचे और यहां उन्होंने ध्वज दंड का अनावरण किया। मंदिर परिसर में 40 फीट ऊंचा ध्वज स्तंभ स्थापित किया गया है। इसके बाद योगी आदित्यनाथ शिवाजी वाटिका पहुंचे, जहां उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।