मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन मंगलवार 3 अक्टूबर को किया गया। इसी के साथ भोपाल का नाम भी मेट्रो सिटीज की श्रेणी में शामिल हो गया। ट्रायल रन के बाद मेट्रो जल्द ही राजधानी में दौड़ने लगेगी। अगर आप भी भोपाल मेट्रो की यात्रा करने का प्लान कर रहे हैं तो आपका सफ़र और भी सुहाना हो जाएगा जब आपको ट्रेन में उपलब्ध सुविधाओं और एसेसरीज को लेकर पूरी जानकारी होगी।

आपको बतादें कि भोपाल में लॉन्च हुआ ऑरेंज मेट्रो ट्रेन कोच यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। ट्रेन के हर कोच में स्मार्ट चार्जिंग एवं लाइटिंग सिस्टम मौजूद है। नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड पर स्वचालित टिकटिंग की व्यवस्था भी ट्रेन में मौजूद रहेगी। दिव्यांग व्यक्तियों के लिए निर्धारित स्थान एवं स्वचालित दरवाजों के साथ ही ट्रेन के हर कोच में आपातकालीन संपर्क एवं आपातकालीन द्वार की सुविधा भी मौजूद है।

स्वच्छ वातावरण, किफायती, सुरक्षित एवं आरामदायक परिवहन के माध्यम से प्रतिदिन 7 लाख यात्री परिवहन क्षमता गति 80 किमी प्रति घंटा के हिसाब से मेट्रो का सफ़र कर सकते हैं। यात्रियों के लिए सीढ़ी के अतिरिक्त लिफ्ट और एस्केलेटर सुविधा भी सभी मेट्रो स्टेशनों पर मौजूद रहेगी।  यात्रियों के लिए ट्रेन और स्टेशन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेन और स्टेशन पर अत्याधुनिक अग्नि शमन प्रणाली की व्यवस्था रहेगी। स्टेशन पर पुरुष, महिला, दिव्यांग और ट्रांसजेंडरों के लिए अलग-अलग शौचालय आदि सुविधाएं दी गई हैं।

यात्रियों और विशेषतः महिलाओं की सुरक्षा हेतु स्टेशन और ट्रेनों में AI सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्टेशन एवं ट्रेन में यात्री सूचना प्रदर्शन प्रणाली भी मौजूद रहेगी। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए कस्टमर केयर सेंटर भी बनाए गए हैं, जहां यात्री अपनी हर समस्या का समाधान पा सकते हैं। यानि कि भोपाल मेट्रो पूरी तरह से लग्जीरियस और आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इतनी सारी अमेनिटीज़ के साथ भोपाल मेट्रो का ये सफ़र निश्चित रुप से सुहाना तो होने ही वाला है।