राज्य मंत्रिपरिषद ने आज महिलाओं को कम मूल्य पर रसोई गैस सिलेंडर दिलवाने और आवास योजना का लाभ दिलवाने के दो महत्वपूर्ण फैसलों के लिए मेजें थपथपाकर हर्ष व्यक्त किया और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने के लिए पंजीयन की कार्यवाही शुरू की जा रही है।
योजना का लाभ लेने के लिए पोर्टल पर पंजीयन करवाना होगा तथा इसके लिए एलपीजी कनेक्शन की आईडी और समग्र आईडी की आवश्यकता होगी। उन्होंने अपने मंत्रियों को भी प्रभार के जिलों में जाकर दोनों योजना के रजिस्ट्रेशन कार्य पर नजर रखने को कहा। अब आगामी 25 सितम्बर को पंजीयन कार्य की समीक्षा होगी। पांच अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन पूरे किए जाएंगे। कल 17 सितम्बर से लाड़ली बहना आवास योजना के लिए भी आवेदन पत्र भरवाने का कार्य शुरू हो रहा है। इसमें ऐसी हितग्राही महिला जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना और आवास प्लस का लाभ नहीं मिला है, उन्हें इस योजना का लाभ दिलवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी लाड़ली बहना योजना की कनेक्शनधारी महिला और उज्जवला योजना की हितग्राही महिलाओं को प्रतिमाह एक सिलेंडर 450 रूपए की दर पर उपलब्ध होगा। हालांकि लाडली योजना की कनेक्शनधारी को गैस कम्पनी से तो विक्रय दर पर ही सिलेंडर लेना होगा। बाद में अंतर की राशि उनके बैंक खाते में रिफंड की जाएगी। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की लाभार्थी बहनों के खाते में अनुदान राशि ऑयल कम्पनी द्वारा डाली जाएगी और यह अनुदान राशि राज्य सरकार द्वारा ऑयल कम्पनी को दी जाएगी। ऐसी बहनें जो उज्जवल योजना की लाभार्थी नहीं है, उनके बैंक खाते में अनुदान राशि सीधे राज्य सरकार डालेगी। योजना का लाभ लेने के लिए पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा।