मध्यप्रदेश में बीजेपी अब तक अपने 79 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है। इसके साथ ही प्रदेश के उन बड़े चेहरों की भी चर्चा हो रही है जिन्हें इन पहली दो सूचियों में जगह नहीं मिली। न बड़े चेहरों में सीएम शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और यशोधरा राजे सिंधिया जैसे कई दिग्गज शामिल हैं। 

इस बीच खबर आ रही है कि यशोधरा राजे ने इस बार चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। खबरें ये भी हैं, कि हैं कि उनकी जगह उनके भतीजे ज्योतिरादित्य सिंधिया को शिवपुरी से मैदान में उतारा जा सकता है।

खबरों के मुताबिक यशोधरा राजे सिंधिया स्वास्थ्य कारणों के चलते शिवपुरी से चुनाव नहीं लड़ना चाहती हैं, इसलिए ज्योतिरादित्य को शिवपुरी से टिकट मिल सकता है। यशोधरा राजे का कहना है, कि कोविड होने के कारण वे काफी कमज़ोरी महसूस कर रही हैं। इसी वजह से उन्होंने पार्टी से आराम करने के लिए 6 महीने का समय मांगा है।

वहीं बीजेपी अपनी तीसरी सूची में सिंधिया के अलावा सुधीर गुप्ता, वीरेंद्र कुमार और रोडमल नागर को भी शामिल कर सकती है। कहा जा रहा है, कि बीजेपी की तीसरी लिस्ट जल्द ही आ सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 1 अक्टूबर को भोपाल आ सकते हैं और कई नामों पर मुहर लगा सकते हैं, जिसके बाद तीसरी सूची की घोषणा की जाएगी। इस सूची में ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम भी शामिल हो सकता है।

आपको बता दें कि बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची में तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसदों को टिकट दिया है। हालांकि, इसमें ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया का नाम नहीं है। साथ ही पार्टी ने अभी तक सीएम शिवराज सिंह चौहान को टिकट नहीं दिया है, जबकि पिछले चुनाव में बीजेपी ने पहली ही लिस्ट में सीएम शिवराज को टिकट दिया था। इसे लेकर कांग्रेस लगातार बीजेपी पर निशाना साध रही है।