मध्यप्रदेश में पहले हमने झूठ और बेरोजगारी के मामा को देखा, अब हम कर्ज और क्राइम के काका को देख रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में बुधवार को मीडिया से चर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव पर तीखा हमला बोलते हुए यह बात कही।  

जीतू पटवारी ने कहा कि मामा आए, 30 हजार रजिस्टर्ड झूठ बोल गए। हर एग्जाम में धांधली हुई। लाड़ली बहनों के साथ धोखा हुआ। मतलब झूठ और बेरोजगारी के मामा आए! जनता से झूठा रिश्ता बनाया और जनता को ही ‘‘मामू“ बनकर चले गए। झूठी बातें, झूठे दावे, झूठे वादे करते हुए ‘‘मीठा“ बोलना, यह शिवराज के शासन का पर्याय था।

पटवारी ने आगे कहा कि अब आए हैं क्राइम और कर्ज के काका! रोजाना गंभीर किस्म के अपराध होते हैं। पुलिस वालों पर ही गोलियां चलती है। गैंगरेप होते रहते हैं। भाजपा के अनुषांगिक संगठनों से जुड़े लोग आदिवासियों को पीटते हैं। सच्चाई है कि मोहन यादव सरकार के दो महीना में क्राइम का ग्राफ सबसे ज्यादा हो गया है! यह स्थिति तब है जब हमारे मुख्यमंत्री जी प्रदेश के गृहमंत्री भी हैं।

प्रदेश की कानून व्यवस्था को अराजक बताते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि अराजक हो चुकी व्यवस्था को संभालने के लिए मुख्यमंत्री जी एक अधिकारी का तबादला करते हैं, तो दूसरी जगह कोई दूसरा फिर वही गलती करता है, सीधे मुख्यमंत्री को चुनौती देता है।

प्रदेश पर क़र्ज़ का हवाला देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने फिर से पांच हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मोहन सरकार ने सत्ता संभालते ही 1 महीने के अंदर में ही 23 जनवरी 2024 को 2500 करोड़ का कर्ज ले लिया। इसके 15 दिन बाद फिर 7 फरवरी 2024 को 3000 करोड़ रुपए का कर्ज ले लिया। इस तरह देखा जाए तो नई सरकार गठित होने के बाद सरकार ने 15 दिन के अंदर में ही 5500 करोड़ का कर्ज ले लिया है।

अभा कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की यात्रा को लेकर पटवारी ने बताया कि राहुल गांधी जी जनता को पांच न्याय दिलाने को लेकर भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं, जो 2 मार्च को मध्यप्रदेश पहुंच रही है जो 7 मार्च तक रहेंगी, यात्रा उसके बाद राजस्थान में प्रवेश करेगी। यात्रा की तैयारी के लिए प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रणनीति बनायी गई है। यात्रा में प्रदेश के सभी कांग्रेसजन बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।