मध्य प्रदेश की पांच राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन है। गुरुवार सुबह 11.30 बजे बीजेपी के चार उम्मीदवार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय पहुंचे और राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रह्लाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय समेत पार्टी की प्रदेश इकाई के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि बुधवार को बीजेपी ने चार और कांग्रेस ने एक सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था। भाजपा ने पार्टी की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलियानी के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. एल मुरुगन और उमेश नाथ महाराज और बंसीलाल गुर्जर ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे भाजपा के चारों प्रत्याशी स्टॉप नंबर सात स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाये जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। यहां से वह मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ विधानसभा स्थित रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय पहुंचे। शिवराज सिंह चौहान, कैलाश विजयवर्गीय भी विधानसभा स्थित राज्यसभा रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय पहुंचे।
इसके साथ ही कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए अशोक सिंह के नाम पर दांव खेला है। वे गुरुवार को नामांकन फॉर्म भरेंगे। समीकरणों के मुताबिक एमपी की चार सीटों पर बीजेपी और एक सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार की जीत तय दिख रही है। मध्य प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार उमेश नाथ ने आज अपना राज्यसभा नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की।
आपको बता दें कि राज्य की पांच राज्यसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 2 अप्रैल को खत्म हो रहा है। जिसमें धर्मेंद्र प्रधान, बीजेपी से डॉ. एल मुरुगन, अजय प्रताप सिंह, कैलाश सोनी और कांग्रेस से राजमणि पटेल शामिल हैं।
केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन प्रक्रिया 08 फरवरी से चल रही है। 15 फरवरी तक नामांकन जमा किये जायेंगे। अगले दिन उनकी जांच की जायेगी। 20 फरवरी तक नामांकन फॉर्म वापस लिया जा सकता है।
27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। वोटों की गिनती शाम 5 बजे से शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया 29 फरवरी से पहले पूरी हो जाएगी।