MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर से करवट ले ली है. दक्षिण दिशा की तरफ से आ रही ठंठी हवाओं ने सुबह के समय प्रदेश भर में ठंड बढ़ा दी. लेकिन, दिन में गर्मी का भी अहसास हो रहा हैं.

वहीं, गुरुवार (15 फरवरी) यानी आज भोपाल-ग्वालियर सहित 12 जिलों में कोहरे के साथ सुबह की शुरूआत हुई. प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक कोहरा, धूप सहित मिला-जुला मौसम रह सकता है. इसके कारण लोगों को कभी तेज ठंड, तो कभी गर्मी का भी अहसास होगा.

मौसम विभाग की मानें तो रीवा संभाग के आसपास लोकल लेवल पर चक्रवाती घेरा होने से भी मौसम बदल रहा है. वहीं, दक्षिण हवाएं एक्टिव होकर बंगाल की खाड़ी से नमी ला रही है. इसके कारण बीते बुधवार को भी कई इलाकों में मौसम बदला नज़र आया.

जिसके कारण मध्यप्रदेश के रीवा, सतना, खजुराहो सबसे ठंडे शहर रहें. यहां दिन का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से लेकर 25 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया. हालांकि, पचमढ़ी, सिवनी, बैतूल, धार, मंडला, खंडवा, खरगोन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से लेकर 31.8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगले 15 दिनों तक मध्यप्रदेश में मौसम मिजाज़ मिला-जुला ही रहेगा. कुछ इलाकों में अधिक ठंड पड़ सकती है तो कुछ जगहों पर तापमान गर्म रह सकता है. साथ ही कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना भी मौसम वैज्ञानिकों ने जताई है.