मध्य प्रदेश में इस माह तीसरी बार मौसम बदलेगा। शनिवार से अगले 4 दिन यानी 19 मार्च तक ओलावृष्टि और बारिश जारी रहेगी। मंडला, डिंडोरी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में बारिश के साथ ओले पड़ सकते हैं, जबकि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

इससे जबलपुर सहित पूर्वी क्षेत्र के 26 जिले प्रभावित होंगे। नर्मदापुरम संभाग में भी मौसम बदलेगा। नए सिस्टम की गतिविधि से जबलपुर, रीवा और शहडोल संभागों पर अधिक असर पड़ने की संभावना है, जबकि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर-उज्जैन संभागों पर हल्के बादल छाए रहेंगे। सिस्टम से पहले शुक्रवार को भी प्रदेश में गर्मी का असर यथावत रहा।

ऐसा रहेगा मौसम

16 मार्च: जबलपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, कटनी, डिंडोरी और अप्पापुर में हल्की बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

17 मार्च: मंडला, डिंडौरी और छिंदवाड़ा में ओलावृष्टि और बारिश का ऑरेंज अलर्ट। वहीं, बैतूल, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, जबलपुर, सागर, दमोह, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

18 मार्च: मंडला, डिंडोरी और पांढुर्ना में लगातार दूसरे दिन ऑरेंज अलर्ट जारी। इसके अलावा बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, नरसिंहपुर, जबलपुर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, मैहर, रीवा में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।

19 मार्च: तीसरे दिन जबलपुर, पांढुर्ना, सिवनी, मंडला और डिंडोरी में मौसम बदलेगा। बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं।

इधर राजधानी भोपाल में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार को भी तापमान 33 डिग्री से अधिक रहा। शनिवार को भी गर्मी रहेगी, लेकिन रविवार से मौसम बदल जाएगा। 17, 18 और 19 मार्च को बादल छाए रहेंगे।