सोमवार को राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने के तुरंत बाद, कांग्रेस नेताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने इस अवसर पर पार्टी के अन्य नेताओं के साथ एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी ज़ाहिर की।

सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ के बाहर भी जश्न मनाया गया , जहां पार्टी कार्यकर्ता कुशी से नाचते-झूमते नजर आए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकसभा सचिवालय के इस कदम का स्वागत किया और कहा कि यह भारत के लोगों के लिए राहत लेकर आया है।

खड़गे ने ट्वीट करके लिखा, "राहुल गांधी को सांसद के रूप में बहाल करने का निर्णय एक स्वागत योग्य कदम है। यह भारत के लोगों और विशेष रूप से वायनाड के लिए राहत लाता है। उनके कार्यकाल का जो भी समय बचा है, ''विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर लोकतंत्र को बदनाम करने की बजाय। भाजपा और मोदी सरकार को वास्तविक शासन पर ध्यान केंद्रित करके इसका उपयोग करना चाहिए।"

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता की बहाली पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी का कहना है, ''स्पीकर ने आज फैसला लिया। हमने कानूनी प्रक्रिया का पालन किया और सुप्रीम कोर्ट का आदेश मिलने के तुरंत बाद , हमने इसे बहाल कर दिया।'' 

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को एक अंतरिम आदेश में 'मोदी उपनाम' टिप्पणी पर आपराधिक मानहानि मामले में गांधी की सजा पर रोक लगा दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई में एक अपील पर गुजरात सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया था। 

कांग्रेस नेता ने गुजरात उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी थी। गुजरात उच्च न्यायालय ने पहले अपने आदेश में आपराधिक मानहानि मामले में उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था, जिसमें राहुल को सूरत अदालत ने दो साल जेल की सजा सुनाई थी। 'मोदी सरनेम' मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद, गांधी को 24 मार्च को केरल के वायनाड से सांसद के रूप में भी अयोग्य घोषित कर दिया गया था।