प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय पेरिस यात्रा पर हैं। शुक्रवार को पीएम मोदी ने बैस्टिल डे परेड में हिस्सा लिया। बैस्टिल डे परेड शुरू होने से पहले राष्ट्रपति मैक्रॉन को सलामी दी गई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ बैस्टिल डे परेड में हिस्सा लेने पहुंचे पीएम मोदी ने परेड देखने आए लोगों का हाथ हिलाकर अभिनंदन किया।
गुरुवार को एयरपोर्ट पर पीएम नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। बता दें कि फ्रांस पहुंचने पर पीएम एलिजाबेथ बॉर्न ने वहां पीएम मोदी का स्वागत किया। यहां पीएम मोदी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया और दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्रांस की अपनी दो दिवसीय यात्रा की शुरुआत में अपने फ्रांसीसी समकक्ष एलिजाबेथ बॉर्न और सीनेट अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर के साथ "सार्थक" बैठकें कीं। इस बीच, उन्होंने यूरोपीय देश के साथ भारत की दीर्घकालिक और समय-परीक्षणित रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने के तरीकों पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि दोनों प्रधानमंत्रियों ने आर्थिक और व्यापार, ऊर्जा, पर्यावरण, शिक्षा, रेलवे, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और लोगों से लोगों के संपर्क जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इसमें कहा गया, 'दोनों पक्षों ने भारत और फ्रांस के बीच बहुपक्षीय सहयोग को और विकसित करने की अपनी इच्छा दोहराई।
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, अपनी पहली मुलाकात में पीएम मोदी की सीनेट अध्यक्ष लार्चर के साथ 'सार्थक बैठक' हुई और दोनों नेताओं ने आपसी हित के कई मुद्दों पर चर्चा की। कई क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को गहरा करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति बनी।