जिस विमान में सोनिया गांधी व राहुल गांधी बैंगलोर से दिल्ली लौट रहे थे, उसके एयर प्रेशर सिस्टम में खराबी थी इसलिए मंगलवार रात को उसे भोपाल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी में लैंड कराना पड़ा था। यह विमान छोड़ दोनों कांग्रेस नेता इंडिगो की उड़ान से दिल्ली रवाना हुए थे। शुरू में यह माना जा रहा था कि मौसम खराब है और बारिश हो रही थी इसलिए उड़ान रोकनी पड़ी लेकिन बाद में पता चला कि विमान में खराबी आ रही थी। अब इस विमान की तकनीकी टीम द्वारा जांच की जा रही है।
उक्त विमान में दोनों नेताओं सहित कुल 7 लोग सवार थे। असल में सोनिया व राहुल बेंगलुरू में आयोजित विपक्षी एकता बैठक में शामिल होने होने गए थे, वहां से वापस दिल्ली लौट रहे थे। जिस विमान में वे सवार थे वह मंगलवार शाम करीब साढ़े 7 बजे भोपाल एयर ट्रेफिक कंट्रोल क्षेत्र में था । उस समय तेज वर्षा भी हो रही थी। बताया जाता है कि विमान के एयर प्रेशर सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई थी चालक दल ने इसकी जानकारी देकर एटीसी से प्रायोरिटी लैंडिंग की अनुमति मांगी थी, जो कि दे दी गई और विमान को लैंड कराया गया।
सोनिया व राहुल से मिलने दौड़े कांग्रेस नेता
■ विमान से उतरने के बाद सोनिया गांधी व राहुल गांधी को वीआइपी लाउंज में बैठाया गया। यह सूचना मिलते ही पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक पीसी शर्मा, कुणाल चौधरी, आरिफ मसूद, शोभा ओझा, लक्ष्मण राजपूत सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता उनसे मिलने एयरपोर्ट पहुंचे। सोनिया एवं राहुल ने वीआईपी लाउंज में करीब डेढ़ घंटा गुजारा।इस दौरान सोनिया-राहुल ने MP का सियासी हाल भी जाना।