कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को सांस संबंधी संक्रमण के चलते दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोनिया गांधी को अब अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। सर गंगाराम अस्पताल प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को 4 जनवरी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा उन्हें लेकर अस्पताल गई थीं। डॉक्टर्स ने बताया था, कि सोनिया गांधी को सांस संबंधी संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे डॉ. अरूप बसु और उनकी टीम की देखरेख में चेस्ट मेडिसिन विभाग में भर्ती थीं।
सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने के बाद राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा बीच में ही छोड़कर उनसे मिलने दिल्ली पहुंचे थे। उस समय भारत जोड़ो यात्रा उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रही थी। इससे पहले, पिछले साल जून में भी सोनिया गांधी को कोविड संबंधी दिक्कतों के चलते दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोनिया गांधी कुछ महीने पहले गर्दन के चेकअप के लिए विदेश भी गई थीं।
पिछले साल दिसंबर में सोनिया गांधी ने दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था और राहुल गांधी के साथ कुछ दूर पैदल चली थीं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष दूसरी बार यात्रा में शामिल हुईं थी, जो पिछले साल सितंबर में कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। इससे पहले सोनिया गांधी ने अक्टूबर में यात्रा में हिस्सा लिया था जब यात्रा कर्नाटक में थी।