सनातन धर्म को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उनके खिलाफ जहाँ केस दर्ज़ हुए हैं वहीं गठबंधन के सहयोगी भी खासे खफा नज़र आ रहे हैं।
इस बीच, उदयनिधि ने सफाई दी है। उन्होंने गुरुवार को सनातन पर बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला और विवाद को मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताई।
उदय निधि ने कहा प्रधानमंत्री मणिपुर हिंसा पर सवालों का सामना करने से डरते हुए दुनिया भर में घूम रहे हैं। पिछले नौ वर्षों से भाजपा के सभी वादे खोखले हैं। मोदी एंड कंपनी ध्यान भटकाने के लिए सनातन चाल का इस्तेमाल कर रही है।
उदयनिधि ने ने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री फर्जी समाचार के आधार पर मेरे खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पता है कि मेरे खिलाफ गलत अफवाहें फैलाने के लिए मुझे ही उनके खिलाफ आपराधिक मामले दायर करने चाहिए।