पंजाबी गायक सिद्ध मूसेवाला की हत्या के मामले में अब एक बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी को पता चला है कि मूसेवाला हत्याकांड में प्रयुक्त हथियार पाकिस्तान से आए थे। पाकिस्तान के हामिद नाम के आमर्स तस्कर ने इन हथियारों की सप्लाई की थी। सूत्रों के अनुसार, हामिद दुबई में रहता है। पिछले साल 29 मई को सिद्ध मूसेवाला की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने ली थी। इस पूरे मामले की जांच एनआईए कर रही है।
पिछले साल 29 मई को हुई थी हत्या
सरकार द्वारा सुरक्षा में कटौती के 24 घंटे से भी कम समय में 29 वर्षीय मूसेवाला की पिछले साल 29 मई को दिनदहाड़े मानसा जिले में उनके पैतृक गांव के पास गैंगस्टरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मूसेवाला और उसके दो साथियों पर 2 मिनट 30 सेकेंडतक लगातार फायरिंग की गई। पहले कहा गया था कि अपराध में एके-47 राइफल का इस्तेमाल किया गया।
असॉल्ट राइफल एएन- 94 से की गई थी फायरिंग
मूसेवाला पर जिन तीन हथियारों से गोलियां बरसाई थीं, उनमें एक असाल्ट राइफल एएन- 94 भी शामिल थी। इस हथियार के उपयोग से खुफिया एजेंसियां भी चकरा गई थी, क्योंकि इस असॉल्ट राइफल का उपयोग केवल सशस्त्र सेनाओं द्वारा ही किया जाता रहा है। मूसेवाला के पास हर समय 45 बोर का विदेशी पिस्टल रहता था। लेकिन
आरोपियों ने गायक को विदेशी पिस्टल चलाने तक का मौका नहीं दिया था। आरोपियों ने सबसे पहले मूसेवाला के सिर और माथे पर गोलिया मारीं।