बिहार सरकार के ख़िलाफ़ BJP के मार्च पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज में बिहार भाजपा  के कार्यकर्ता विजय कुमार सिंह की मौत हो गई। वहीं सांसद जनार्दन सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। लाठीचार्ज को लेकर BJP नेताओं ने कड़ा विरोध जताया है।

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इसे राज्य सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा बताया है। उन्होंने लिखा-महागठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार के क़िले को बचाने के लिए लोकतंत्र पर हमला कर रही है। जिस व्यक्ति पर चार्जशीट हुई है, उसको बचाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता तक भूल गये हैं।

वरिष्ठ बीजेपी नेता रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि पैदल मार्च पर किया गया लाठीचार्ज एवं गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण है। कई कार्यकर्ताओं का सर फोड़ दिया गया, महिलाओं के ऊपर भी लाठीचार्ज किया गया है और उनसे दुर्व्यवहार किया गया। नीतीश बाबू आपको हो क्या गया है, छात्रों पर, शिक्षकों पर, किसान सलाहकारों पर और अब विपक्ष की आवाज़ को दबाने के लिए उनके ऊपर लाठीचार्ज कर उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रहे है। नीतीश बाबू कान खोलकर सुन लीजिए भाजपा न डरेगी, न झुकेगी, न रुकेगी, बिहारवासियों की हक के लिए सड़क से सदन तक लड़ते रहेगी।  

बीजेपी नेता सैयद शाहनबाज हुसैन का कहना है, कि महागठबंधन सरकार ने भाजपा कार्यकर्ता की आहुति लेकर पूरे बिहार को चुनौती दी है। आज पटना में लोकतंत्र की बेरहम हत्या हुई है। भाजपा के महामंत्री विजय सिंह की मौत बेरहमी की इंतहा है।