महाराष्ट्र के अमरावती से सांसद नवनीत राणा आज सुबह दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर पहुंची और अपने विधायक पति के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया। राणा दंपति को अप्रैल में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के घर के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

नवनीत राणा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राणा दंपत्ति भले ही बीजेपी से ताल्लुक रखते हों लेकिन वह किसी के रिमोट कंट्रोल से काम नहीं करते है। उन्होंने कहा, हम महाराष्ट्र के लोगों को उद्धव ठाकरे से छुटकारा दिलाने के लिए आज यहां हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं।

नवनीत राणा ने कहा कि जेल में रहते हुए वह रोजाना 101 बार हनुमान चालीसा का पाठ करती थी और भगवान से प्रार्थना से करती थी कि कोई निर्दोष व्यक्ति जेल कभी न जाए। मुंबई से शुरू हुई हनुमान चालीसा की राजनीति अब देश की राजधानी में ज़ोर पकड़ रही है। सांसद इस समय अपने पति के साथ दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।