Ujjain Rape Case: उज्जैन में एक नाबालिग बच्ची के साथ हुए रेप के मामले में कई बड़े खुलासे सामने आये हैं. दरअसल, महाकाल थाना क्षेत्र में बीते (25 सितंबर) सोमवार को 12 साल की बच्ची खून से लथपथ अर्धनग्न हालत में मिली थी. जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था.

अब इस रेप केस में मुख्य आरोपी की पहचान करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. जिस ऑटो ड्राइवर भरत सोनी मेवाड़ा को पुलिस ने हिरासत में लिया था, वहीं 12 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी करने का मुख्य आरोपी है. इस केस एक अन्य को भी आरोपी बनाया गया है.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को उज्जैन कोर्ट में पेश किया. हालांकि, उज्जैन बार एसोसिएशन ने निर्णय किया है कि कोई भी वकील उस आरोपी की पैरवी नहीं करेगा.

उज्जैन एसपी ने दी थी ये जानकारी-

हाल ही में उज्जैन एसपी सचिन शर्मा ने इस केस से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी थी. उन्होंने बताया था कि बच्ची मध्यप्रदेश के सतना ज़िले की रहने वाली हैं. बच्ची के पिता मजदूरी का काम करते है. बच्ची ट्रेन या बस के माध्यम से 24 सितंबर को सतना से चली और 25 तारीख को सुबह उज्जैन पहुंची.

उन्होंने कहा, बच्ची के साथ जो घटना हुई है वह 25 सितंबर सुबह की हैं. हमें कुछ टेक्निकल एविडेंस भी मिले हैं. जिसके ज़रिये आरोपियों की पहचान हो गई है. बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी सतना में दर्ज हैं.

क्या है पूरा मामला-

बीते दिनों महाकाल की नगरी उज्जैन से एक मासूम के साथ हैवानियत का दर्दनाक मामला सामने आया है. जिसने न सिर्फ शासन-प्रशासन पर सवाल खड़े किये बल्कि पूरी मानवता को ही शर्मसार कर दिया. दरअसल, पूरा मामला महाकाल थाना इलाके में बड़नगर रोड पर दांडी आश्रम के पास का है.

यहां बच्ची पुलिस को सोमवार शाम को घायल हालत में मिली थी. उसके कपड़े खून से सने थे. प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोटें भी हैं. जिसके बाद बच्ची को चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण इंदौर रेफर कर दिया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्ची के साथ रेप हुआ है. ज्यादा खून बह जाने के कारण बच्ची की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी. लेकिन, बाद में पुलिस के जवानों ने उसे खून दिया.

अब बच्ची ऑपरेशन के बाद पूरी तरह ख़तरे से बाहर है. बच्ची ने पुलिस को उसकी मां के साथ भी गलत काम होने की बात बताई. लेकिन, बच्ची उसके साथ हुई घटना को लेकर कुछ भी नहीं बता पा रही है. इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खून से सनी अर्धनग्न बच्ची सांवरा खेड़ी सिंहस्थ बायपास की कॉलोनियों में सोमवार सुबह ढाई घंटे तक भटकती नज़र आई.