Mp Election 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चुनावी हुंकार भरने मध्यप्रदेश के ग्वालियर पहुंचे. यहां उन्होंने 19 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का वर्चुअली भूमिपूजन और लोकार्पण किया. ये उनका 8 दिन में दूसरी बार एमपी का दौरा है. बीते सितंबर महीने में ही उनके चुनावी राज्य मध्यप्रदेश के 7 दौरे हो चुके हैं.

PM मोदी ने बिना नाम लिए कांग्रेस पर साधा निशाना-

अब अपने अक्टूबर के पहले और सितंबर के बाद 8वें दौरे पर आये पीएम मोदी ने ग्वालियर मेला ग्राउंड पर आयोजित सभा स्थल से कहा, एक साल में कोई सरकार जितने लोकार्पण और शिलान्यास का काम नहीं कर सकती, आज एक दिन में हमारी सरकार ने उतने विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया हैं. इसका अंदाजा इस बात से लगाइए की लोग ताली बजाते थक गए. हमारी सरकार इतना सामर्थ्य रखती है.

उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, एमपी का विकास वो लोग नहीं कर सकते, जिनके पास न तो नई सोच है और न ही विकास का रोड मैप है. इनका तो बस एक ही काम है. देश की प्रगति से नफरत, भारत की योजनाओं से नफरत. अपनी नफरत में ये देश की उपलब्धियों को भी भूल जाते हैं.

दुनिया की टॉप इकोनॉमी में एक नाम हमारे हिंदुस्तान का होगा-PM

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, आज पूरी दुनिया भारत का गौरवगान कर रही है. आज दुनिया को भारत में अपना भविष्य दिखता है. लेकिन, जो लोग राजनीति में उलझे हुए हैं. जिन्हें कुर्सी के सिवाय कुछ नहीं दिखता है. उन्हें दुनिया में भारत का डंका बजना अच्छा नहीं लगता. मोदी ने गारंटी दी है कि अगले कार्यकाल में दुनिया की टॉप इकोनॉमी में एक नाम हमारे हिंदुस्तान का होगा. इससे भी सत्ता के भूखे कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है.

उन्होंने बताया कि विकास विरोधी इन लोगों को देश ने 6 दशक दिए थे, 60 साल कोई कम समय नहीं होता है. अगर 9 वर्षों में इतना काम हो सकता है, तो 60 साल में कितना हो सकता है. उनके पास भी मौका था, लेकिन वो नहीं कर पाए, ये उनकी नाकामी है. वो तब भी गरीबों की भावनाओं से खेलते थे, आज भी वही खेल खेल रहे हैं, वो तब भी जाति-पाती के नाम पर देश को बांटते थे, आज भी वही पाप कर रहे हैं, वो तब भी आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे थे, आज और भ्रष्टाचारी हो गए हैं, वो तब भी एक परिवार का गौरवगान करते थे, आज भी वही करने में अपना भविष्य देखते हैं. इसलिए, उन्हें देश का गौरवगान पसंद नहीं आता.

झूठे वादे कर बार-बार वोट मांगे गए- PM

पीएम मोदी बोले, अनेक सरकारें आईं गईं, हमारी बहनों को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के झूठे वादे कर बार-बार वोट मांगे गए. लेकिन, ससंद में साजिश करके कानून बनाने से रोका गया. मोदी ने गारंटी दी थी और आज 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' एक सच्चाई बन चुका है.

मध्यप्रदेश को लेकर उन्होंने कहा, बीते वर्षों में हमारी सरकार मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से देश के शीर्ष 10 राज्यों में ले आई है. यहां ये हमारा लक्ष्य मध्य प्रदेश को शीर्ष 3 राज्यों में ले जाने का है. डबल इंजन को दिया आपका एक वोट मध्य प्रदेश को टॉप-3 में पहुंचाएगा.