INDIA vs NDA: देश में होने वाले आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों ने बिगुल फूंक दिया है. मंगलवार यानी 18 जुलाई को बेंगलुरु में एकजुट हुए विपक्षी दलों ने महागठबंधन की घोषणा करते हुए उसे इंडिया (INDIA) नाम दिया. वहीं, दिल्ली में बीजेपी ने भी एनडीए (NDA) की बैठक में शक्ति प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी एकजुटता पर तीखा हमला बोलते हुए एनडीए में नए दलों का स्वागत किया.
देंखे लाइव-
कांग्रेस ने अस्थिरता लाने के लिए गठबंधनों का इस्तेमाल किया- PM
इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा, हमारे देश में राजनीतिक गठबंधनों की एक लंबी परंपरा रही है, लेकिन जो भी गठबंधन नकारात्मकता के साथ बने वह कभी भी सफल नहीं हो पाए. कांग्रेस ने 90 के दशक में देश में अस्थिरता लाने के लिए गठबंधनों का इस्तेमाल किया. कांग्रेस ने सरकारें बनाई और सरकारें बिगाड़ी.
NDA का जिक्र करते हुए उन्होंने आगे कहा, एनडीए किसी पार्टी के विरोध में नहीं बना है. इसका गठन देश में स्थिरता लाने के लिए किया गया था. जब किसी देश में स्थिर सरकार होती है, तो देश एक साहसिक निर्णय लेता है जो देश की दिशा बदल देता है. जब हम विपक्ष में थे तो हमने हमेशा सकारात्मक राजनीति की, कभी नकारात्मक राजनीति का रास्ता नहीं अपनाया. लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हमने अपने सभी कर्तव्य निभाए.
सरकारें बनाना-सत्ता हासिल करना NDA का लक्ष्य नहीं- PM
पीएम मोदी बोले, जब हम विपक्ष में थे तब भी हमने हमेशा सकारात्मक राजनीति की. हमने कभी जनादेश का अपमान नहीं किया. हमने सरकारों का विरोध करने के लिए कभी भी विदेशी मदद नहीं मांगी. हम विपक्ष में रहे लेकिन देश के विकास में न रोड़े अटकाए और न ही रुकावट बने.
उन्होंने आगे कहा, 1998 में NDA का गठन हुआ था, लेकिन सिर्फ सरकारें बनाना और सत्ता हासिल करना NDA का लक्ष्य नहीं था. NDA किसी के विरोध में नहीं बना था, NDA किसी को सत्ता से हटाने के लिए नहीं बना था. NDA का गठन देश में स्थिरता लाने के लिए हुआ था.
विपक्ष पर पीएम मोदी का तंज-
विपक्षी एकजुटता पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी बोले, जब गठबंधन सत्ता की मजबूरी का हो, जब गठबंधन भ्रष्टाचार की नीयत से हो, जब गठबंधन परिवारवाद की नीति पर आधारित हो, जब गठबंधन जातिवाद और क्षेत्रवाद को ध्यान में रखकर किया गया हो तो वो गठबंधन देश का बहुत नुकसान करता है.
कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने आगे कहा, 2014 से पहले की गठबंधन सरकार का उदाहरण हमारे सामने है. प्रधानमंत्री के ऊपर एक आलाकमान, पॉलिसी पैरालिसिस, निर्णय लेने में अक्षमता, अव्यवस्था और अविश्वास, खींचतान और भ्रष्टाचार, लाखों-करोड़ों के घोटाले.
सत्ता के गलियारे में जो बिचौलिए घूमते थे- PM
पीएम मोदी ने बताया कि NDA सरकार ने बीते 9 वर्षों में भ्रष्टाचार के हर रास्ते को बंद करने के लिए हर संभव प्रयास किया. पहले सत्ता के गलियारे में जो बिचौलिए घूमते थे, उन्हें बाहर कर दिया. जनधन, आधार और मोबाइल की त्रिशक्ति से गरीबों का हक छीनने से रोका है. हमने देशसेवा में सभी के योगदान को स्वीकार किया, उसे सराहा, उन्हें सम्मानित किया. लोकतंत्र की ये मूल भावना NDA की कार्यशैली में आपको हर जगह दिखेगी.
उन्होंने आगे कहा, एक समय था जब भाषा का इस्तेमाल देश के लोगों को बांटने के लिए एक उपकरण के रूप में किया जाता था. हालांकि, एनडीए सरकार ने मातृभाषा पर जोर दिया और आज युवाओं को अपनी मातृभाषा का उपयोग करके डॉक्टर और इंजीनियर बनने के अवसर मिल रहे हैं.
बंगाल हिंसा पर पीएम मोदी ने कहीं ये बात-
विपक्षी बैठकों पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी बोले, अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए ये लोग पास-पास तो आ सकते हैं, लेकिन साथ नहीं आ सकते. इन्हें अपने कार्यकर्ताओं की भी परवाह नहीं है. ये अपने कार्यकर्ताओं से उम्मीद करते हैं कि जीवन भर जिनका विरोध किया उनका अचानक से सत्कार करने लग जाए. जो लोग आज मोदी को कोसने में इतना समय लगा रहे हैं. अच्छा होता, वह देश के लिए सोचने में, गरीब के लिए सोचने में अपना समय लगाते. हम उनके लिए प्रार्थना ही कर सकते हैं.
उन्होंने आगे कहा, केरल में लेफ्ट और कांग्रेस एक-दूसरे की जान के पीछे पड़े हैं. हालांकि, बेंगलुरु में दोनों पार्टियों के नेता हाथ मिला रहे हैं. बंगाल में टीएमसी लेफ्ट और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हमला कर रही है. हालांकि, इन हमलों पर इन पार्टियों के नेता खामोश हैं.
अपने प्रयासों में कहीं कोई कमी नहीं रहने दूंगा- PM
पीएम मोदी बोले, लाल किले से मैंने कहा था, यही समय है, सही समय है. आज देश में एक माहौल बन चुका है. पिछले 9 वर्षों में नए भारत की मजबूत नींव का निर्माण हो चुका है. इस नींव पर हम सबको नए भारत का, आत्मनिर्भर भारत का, विकसित भारत का निर्माण करके ही रहना है. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि मैं अपने परिश्रम में, अपने प्रयासों में कहीं कोई कमी नहीं रहने दूंगा. मेरे शरीर का हर कण, मेरे समय का हर क्षण, देश को ही समर्पित है.