Lok Sabha Elections 2024: मध्य प्रदेश में बीजेपी इस बार छिंदवाड़ा सहित सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने का दम भर रही है. खास बात यह है कि बीजेपी ने पहली लिस्ट जारी करते हुए प्रदेश की 24 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान भी कर दिया है. वहीं, बुधवार यानी 6 मार्च को बीजेपी ने मध्य प्रदेश में 'संकल्प-पत्र सुझाव' अभियान की शुरुआत भी कर दी है.
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने 29 हाईटेक प्रचार रथों को 29 लोकसभा सीटों पर रवाना कर दिया है. वहीं, सीएम यादव ने कहा, हम सबका साथ सबका विकास और सबको लेकर चलते हैं. सबके सुझावों का सम्मान करते हैं. सबके साथ सुख-दुख, अच्छे-बुरे सभी के साथ खड़े होकर के हमारी वासुधैव कुटुंब की जो भावना है, वह बनी रहती है. मुझे इस बात की प्रसन्नता है हमारे इस कार्यक्रम में चुनाव अभियान संयोजक हेमंत खंडेलवाल सहित भाजपा के सारे नेता मौजूद है.
उन्होंने बताया कि हमने निश्चिय किया है कि पूरे प्रदेश में प्रत्येक संसदीय क्षेत्र के अंदर यह सुझाव वाहन जाएंगे और जनता के साथ जुडक़र हमारी सरकार में सुशासन लिए जो सुझाव है वे जनता के समक्ष रखेंगे. विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, तमाम हथकंडे तमाम षड्यंत्र के बावजूद भी 10 साल में मोदी जी ने जो भारत की दशा बदली है, आर्थिक व्यवस्था हो, विकास के पैमाने हो, मानवीय संवेदना हो, कोविड का कठिन काल हो सहित अन्य चुनौतियों को मोदी जी ने अपने नेतृत्व में सफल सिद्ध किया है. इस दौरान सभी ने अबकी बार 400 पार का नारा भी लगाया.
बता दें कि बीजेपी ने प्रदेश के सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों में रथ भेजे हैं, जो इन सीटों पर पार्टी का प्रचार करेंगे. दरअसल, मध्य प्रदेश में बीजेपी ने लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही प्रचार तेज कर दिया है. इस बार बीजेपी ने सभी सीटों पर जो रथ भेजे हैं वह हाईटेक और एलईडी रथ हैं. यानी, बीजेपी हर क्षेत्र में जोरदार प्रचार अभियान चलाने की तैयारी में है.