पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री फौजा सिंह सरारी ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सरारी ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है। इस्तीफा देते हुए उन्होंने यह भी कहा कि मैं पार्टी का वफादार सिपाही हूं और हमेशा रहूंगा। इसके साथ ही भगवंत मान के मंत्रिमंडल में भी बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

आज शाम 4 बजे पंजाब राजभवन में AAP कार्यक्रम के दौरान मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। वर्तमान में पंजाब कैबिनेट में एक सीएम और 13 मंत्री हैं। कैबिनेट में अभी भी 4 मंत्री पद खाली हैं। साथ ही कुछ मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। कुछ नए चेहरों की एंट्री भी हो सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, आज शाम 5 बजे से पहले राज्यपाल आवास पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है।

फौजा सिंह पर लगे थे भ्रष्टाचार के आरोप-

बता दें कि इससे पहले फौजा सिंह पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। दरअसल, फौजा सिंह सरारी का एक ऑडियो टेप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। दावा किया गया कि वायरल ऑडियो में सरारी एक करीबी दोस्त से बात कर रहें थे।

इस वायरल ऑडियो को कांग्रेस नेता और विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने भी शेयर किया था। यह दावा किया गया था कि ऑडियो में मंत्री फौजा सिंह को अपने करीबी तरसेम लाल कपूर से ठेकेदारों और अधिकारियों से जबरन वसूली की योजना के बारे में बात करते हुए दिखाया गया है।

हालांकि, फौजा सिंह सरारी ने आरोपों से इनकार किया था और वायरल ऑडियो के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई थी। मंत्री ने ऑडियो क्लिप को फर्जी बताते हुए इसे बड़ी साजिश का हिस्सा बताया था।