भोपाल,

चुनाव 24 मई से चालू होगी और 31 मई तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे। तीन जून तक नामांकन वापस लिया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर ही मतदान सुबह नौ से चार बजे तक कराया जाएगा। इसके एक घंटे बाद मतगणना प्रारंभ होगी।

चुनाव आयोग ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। मध्यप्रदेश से राज्यसभा में भेजे गये कांग्रेस के विवेक तन्खा, भाजपा के एमजे अकबर और सम्पतिया उइके का कार्यकाल 29 जून को समाप्त हो रहा है। इन तीन स्थानों की पूर्ति के लिए चुनाव कराए जाएंगे। रिटर्निंग ऑफिसर एपी सिंह ने बताया कि मतदाता सूची तैयार है।

मतदान की व्यवस्था समिति कक्ष में की गई है। यहीं मतगणना भी होगी। नामांकन पत्रों की जांच एक जून को की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस से विवेक तन्खा को फिर राज्यसभा में भेजे जाने की संभावना प्रबल है क्योंकि वे कश्मीर पंडित भी हैं और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में उनका दावा काफी मजबूत माना जा रहा है, हालांकि कांग्रेस के कई नेता तन्खा के पक्ष में नहीं है। बावजूद यह माना जा रहा है कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ उनके पक्ष में लॉबिंग करेंगे। वहीं भाजपा अब एमजे अकबर को राज्यसभा में नहीं भेजेगी तो उनकी जगह केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को मप्र कोटे से भेजे जाने की भी चर्चा है।