भोपाल: राज्य के वन विभाग ने ग्वालियर क्षेत्र में स्थित घाटीगांव हुकना पक्षी अभयारण्य में रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड भोपाल को आप्टिकल फाईबर केबल डालने की अनुमति प्रदान कर दी है।
कंपनी को अभयारण्य में केबिल डालने के लिये 1.650 हैक्टेयर भूमि का उपयोग करने का अधिकार प्रदान किया गया है। कंपनी अभयारण्य में मार्ग के किनारे-किनारे राईट ऑफ वे के तहत यह केबल डाल सकेगा। यह निर्णय स्थानीय ग्रामीणों को दूरसंचार की सुविधा उपलब्ध कराने के परिपेक्ष्य में लिया गया है।
वन विभाग ने अनुमति के साथ शर्त रखी है कि कंपनी वन एवं वन्यप्राणियों को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचायेगी तथा रात्रि में केबल डालने का कार्य नहीं करेगी एवं मार्ग में पडऩे वाले वन विभाग के कार्यालयों, बेरियर्स व नाकों में फोर जी कनेक्शन प्रदान करने में प्राथमिकता देगी। वन विभाग ने यह अनुमति राज्य वन्य प्राणी बोर्ड की अनुशंसा पर प्रदान की है।