Manipur Violence Video: मणिपुर में एक समुदाय की दो महिलाओं को खुलेआम बिना कपड़ों के परेड कराने को लेकर देशभर में गुस्सा साफ़ तौर पर दिख रहा है. सड़क से लेकर संसद तक इस मामले की गूंज सुनाई दे रही है. वीडियो वायरल होने के बाद से ही हर कोई मणिपुर सीएम एन बीरेन सिंह के इस्तीफ़े की मांग कर रहा हैं.
अगर सरकार कार्रवाई नहीं करेगी तो हम करेंगे- सुप्रीम कोर्ट
देशभर से इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं भी आ रहीं हैं. इसी बीच सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले का स्वत: संज्ञान ले लिया है. मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने सरकार से कार्रवाई करने को कहा है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा, मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न कर घुमाने का जो वीडियो सामने आया है वो वास्तव में परेशान करने वाला है.
CJI का कहना है कि यह बिल्कुल अस्वीकार्य है, सांप्रदायिक झगड़े के क्षेत्र में महिलाओं को एक उपकरण के रूप में उपयोग करना. उन्होंने आगे कहा कि जो वीडियो सामने आए हैं उससे हम बेहद परेशान हैं. अगर सरकार कार्रवाई नहीं करेगी तो हम करेंगे.
मणिपुर की घटना पर सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान-
सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि अब समय आ गया है कि सरकार वास्तव में कदम उठाए और कार्रवाई करें. संवैधानिक लोकतंत्र में यह बिल्कुल अस्वीकार्य है. यह बहुत परेशान करने वाला है. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और मणिपुर सरकार से ये बताने को कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने के लिए उन्होंने क्या कार्रवाई की है.
सुप्रीम कोर्ट ने आगे कहा, मीडिया में दिखाई देने वाले दृश्यों के बारे में जो दिखाया गया है वह गंभीर संवैधानिक उल्लंघन और महिलाओं को हिंसा के साधन के रूप में उपयोग करके मानव जीवन का उल्लंघन दर्शाता है, जो संवैधानिक लोकतंत्र के खिलाफ है.
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि केंद्र और राज्य सरकार उनके द्वारा उठाए गए कदमों से कोर्ट को अवगत कराएं. साथ ही इस मामले की अगली सुनवाई अब अगले शुक्रवार को तय की गई है.