MP News: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है. दरअसल, गृह विभाग ने रतलाम में पदस्थ महिला पुलिस कॉन्स्टेबल को अपना जेंडर चेंज करने की अनुमति दे दी है. इस अनूठे निर्णय को लेकर गृह विभाग ने सोमवार यानी 14 अगस्त को आदेश भी जारी किया.

गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, रतलाम जिले की महिला पुलिस कांस्टेबल दीपिका कोठारी बचपन से ही जेंडर आईडेंटिटी डिसऑर्डर से ग्रसित है. जिसके चलते दिल्ली के मनोचिकित्सक डॉक्टर राजीव शर्मा की सलाह पर यह मंजूरी दी गई है.
हालांकि, दीपिका ने 2021-22 में लिंग परिवर्तन के लिए सरकार को आवेदन दिया था. उन्होंने राज्य सरकार को एक शपथ पत्र देकर लिंग परिवर्तन की इच्छा जाहिर की थी. उसी आवेदन के आधार पर पुलिस मुख्यालय ने विधि विभाग से सलाह ली. जिसके बाद उन्हें महिला से पुरुष बनने की अनुमति देने का बड़ा फैसला लिया गया.
ख़बरों की माने तो विधि विभाग ने यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के 2014 आदेश, जिसमें जेंडर परिवर्तन को वैध घोषित किया गया था, उसे आधार बनाकर लिया है. लिंग परिवर्तन के बाद दीपिका कोठारी को महिला कर्मचारी के रूप में मिलने वाली समस्त लाभ और सुविधाएं प्राप्त नहीं होंगी.
प्रदेश में शासकीय कर्मचारियों के लिए जेंडर परिवर्तन का कोई नियम या प्रक्रिया नहीं है. बता दें कि इससे पहले 2021 में भी निवाड़ी जिले में पदस्थ महिला पुलिस कॉन्स्टेबल को लिंग परिवर्तन की अनुमति दी जा चुकी है.